कोरबा , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत कुसमुंडा एवं दीपका पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ (डीजल) का परिवहन कर रहे आठ वाहनों को जब्त कर 5800 लीटर डीजल बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर गुरुवार को कार्रवाई के दौरान बिना सुरक्षा मानकों के डीजल परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़ा गया।
कुसमुंडा थाना एवं सर्वमंगला चौकी पुलिस ने चार प्रकरणों में 5150 लीटर डीजल जब्त किया। इनमें तिरेंद्र ठाकरे से 3605 लीटर, नवलेश सिंह से 545 लीटर, केशव कश्यप से 500 लीटर तथा अमन कुमार से 500 लीटर डीजल बरामद किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दीपका थाना पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में 650 लीटर डीजल जब्त किया। झूलेलाल यादव एवं सुनील कुमार यादव से 200-200 लीटर, दिलहरण मरावी से 250 लीटर तथा सुनील कुमार सिंह से 300 लीटर डीजल सहित संबंधित वाहन जब्त किए गए। इन सभी के खिलाफ भी धारा 287 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार बिना अनुमति एवं सुरक्षा उपायों के ज्वलनशील पदार्थ का परिवहन अत्यंत खतरनाक है, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन नियमों के अनुरूप और पूर्ण सुरक्षा के साथ ही करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अभियान के तहत आगे भी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित