कोरबा , अप्रैल 06 -- ) छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेवरा बस्ती बरपाली गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्यवाही शुरू कर दी। कुसमुंडा पुलिस ने मृतक के शव को फंदे से नीचे उतारकर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान नरेश चौहान (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी रामपुर करतला थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बरपाली में मनीराम खरे के मकान में किराए पर रहता था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी और बच्चे उसके साथ किराए के मकान में रहते थे। रविवार को नरेश चौहान रोज की तरह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह उसकी लाश मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद नरेश घर से काम पर जाने के नाम से निकला और फिर वापस नहीं लौटा।

कुसमुंडा थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी का बयान दर्ज कर लिया गया है और उसी आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित