कोरबा , मार्च 11 -- कोरबा शहर में बुधवार दोपहर उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब नशे में धुत पूर्व गृहमंत्री और भाजपा नेता के बेटे ने मुख्य मार्ग पर जमकर उत्पात मचाया। कार से दुकान में टक्कर मारने के बाद आरोपी ने दुकानदार से मारपीट और गाली-गलौज की। मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन यहां भी आरोपी ने पुलिस के सामने हंगामा किया और पिता के रसूख की धौंस दिखाते हुए गाली-गलौज करते हुए फरार हो गया।

घटना कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड मुख्य मार्ग स्थित इतवारी बाजार के पास की है। जानकारी के अनुसार पूर्व गृहमंत्री और भाजपा नेता ननकी राम कंवर के बेटे संदीप कंवर नशे की हालत में अपनी कार चला रहे थे। उनकी गाड़ी पर "पूर्व विधायक रामपुर" लिखा हुआ था।

बताया जा रहा है कि इतवारी बाजार के पास कार अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद जब दुकानदार ने इसका विरोध किया तो आरोपी कार से उतरकर गाली-गलौज करने लगा और मारपीट पर उतारू हो गया।

पीड़ित दुकानदार अजीन कुरैशी ने बताया, "मैं सेंवई की दुकान लगाकर वहीं बैठा हुआ था। सामने बैंक के पास कुछ गाड़ियां खड़ी थीं। मैंने उसे कहा कि गाड़ी उधर से ले जाएं। इस पर वह कार से उतरकर गाली देने लगा और बोला कि 'तुमको मालूम नहीं मैं ननकी राम का बेटा हूं।' इतना कहकर उसने मेरी कॉलर पकड़ ली और मारपीट करने लगा। मैंने समझाया तो वह चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद गाड़ी मोड़कर फिर आया और धक्का देकर मुझसे हाथापाई करने लगा। इसके बाद मैंने पुलिस को सूचना दी और वह वहां से भाग गया।" जानकारी के अनुसार पीड़ित की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली थाने लेकर पहुंची, लेकिन वहां भी उसका रवैया नहीं बदला। बताया जा रहा है कि संदीप कंवर ने थाने के भीतर ही पुलिसकर्मियों और पीड़ित पक्ष के सामने हंगामा किया और पिता के पद का हवाला देते हुए धमकी दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी का हौसला इतना बुलंद था कि वह गाली-गलौज करते हुए अपनी कार लेकर थाने से ही फरार हो गया। इस घटना के बाद शहर में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं और लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित