कोरबा , अक्टूबर 19 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) का एक जवान कथित तौर पर नशे की हालत में पाया गया। घटना के बाद दशहरा मैदान में हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस जवान को थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, जवान का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित दशहरा मैदान का है। रविवार रात सीएएफ जवान पवन कुमार यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्य दुर्गा पंडाल पहुंचे। संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि जवान ने नशे की हालत में उनके साथ गाली-गलौज की और उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली। इसके बाद सदस्यों ने हंगामा करते हुए जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जवान का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया। जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस उसे थाने ले गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

बजरंग दल के सदस्यों के मुताबिक, दुर्गा उत्सव के दौरान उनकी टीम कोरबा के विभिन्न दुर्गा पंडालों का भ्रमण कर रही थी। इसी क्रम में टीम सुभाष चौक स्थित दशहरा मैदान पहुंची थी, जहां यह घटना हुई।

कोरबा के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जवान का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के संबंधित विभाग को पत्र जारी किया जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित