कोरबा , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बीती रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल पांच लोग घायल हो गए। दोनों ही मामलों में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का प्रमुख कारण सामने आई है।

पहली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एसपी ऑफिस के समीप की है, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। बताया गया है कि कार में सवार दो युवक शराब के नशे में थे। वाहन रामपुर की ओर से आ रहा था और सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मारते हुए एक ठेले को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार पलट गई।

हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया, जिसने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। गनीमत रही कि उस समय कोई राहगीर या अन्य वाहन चालक इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना कुमुंडा थाना क्षेत्र के कुचेना मुख्य मार्ग पर हुई, जहां तेज रफ्तार थार वाहन और एक कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और तीन लोग घायल हो गए।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित