कोरबा , नवंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह भीषण सड़क दुर्घटना में युवक और युवती की मौत हो गई। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर के बाद दोनों सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के कारण दोनों दोपहिया वाहन सवार संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच मार्ग से गुजर रहे एक भारी वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया है कि मोटरसाइकिल सवार युवक भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक्टिवा सवार युवती को भी गंभीर चोटें आईं और उसने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 और संजीवनी वाहन को घटना की सूचना दी। साथ ही कुसमुंडा थाना पुलिस को भी हादसे से अवगत कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित