कोरबा , मई 08 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार को तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे दो लोग घायल हो गए। घटना करतला वन मंडल अंतर्गत पीडिया गांव की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दोपहर पीडिया गांव के ग्रामीण तेंदूपत्ता संग्रह के लिए गांव से लगे जंगल में गए हुए थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में पीडिया निवासी 45 वर्षीय कन्हैयालाल राठिया तथा 15 वर्षीय किरण घायल हो गए।

घटना के बाद जंगल में मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और चिक-पुकार कर किसी तरह भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ घायलों का हालचाल जाना। वन विभाग की ओर से तत्काल सहायता के रूप में दोनों घायलों को 500-500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित