कोरबा , अप्रैल 26 -- ) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छाता पाठ में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक का परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था।
पुलिस ने रविवार को बताया कि ओम कुमार पटेल परिवार सहित रिश्तेदारी में आयोजित विवाह कार्यक्रम में शनिवार रात गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी गए सामान में एक टीवी, इंडक्शन चूल्हा, करीब 30 तोला चांदी की एक जोड़ी पायल, तीन लॉकेट तथा लगभग 80 हजार से एक लाख रुपये नगद शामिल हैं। घटना का पता परिवार के वापस लौटने पर चला, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि ग्राम छाता पाठ में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी कई घरों में चोरी की वारदात हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित