कोरबा , मार्च 13 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में तथाकथित पुलिस प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक लाइव वीडियो बनाकर अपने दोस्तों को भेजा, जिसमें उसने पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, उरगा थाना अंतर्गत पताड़ी गांव में रहने वाले युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि मौत से पहले युवक ने मोबाइल से एक वीडियो बनाया और उसे अपने दोस्तों के साथ साझा किया। वीडियो में युवक ने कहा कि उसे घरवालों से किसी प्रकार की परेशानी नहीं है, बल्कि पुलिसकर्मियों द्वारा गाली-गलौज और प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

इस मामले में उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि युवक की आत्महत्या की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित