कोरबा , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आपसी विवाद के चलते एक कोरवा आदिवासी की कथित तौर पर तीर-धनुष और सब्बल से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से बुधवार मिली जानकारी के अनुसार, घटना श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम सिमकेंदा सिरकी डुगरू में 10 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे हुई। यहां रहने वाले रामदुलार कोरवा का शव उनके घर के सामने खून से लथपथ अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मृतक की पत्नी बुधवारी कोरवा ने 11 अक्टूबर की सुबह पुलिस को दी।

बुधवारी कोरवा ने आरोप लगाया कि घरेलू बातों को लेकर गांव के अघन कोरवा और नंदू कोरवा ने उसके पति पर तीर-धनुष और सब्बल से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अघन कोरवा 22 वर्ष और नंदू कोरवा 65 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम सिमकेंदा सिरकी डुगरू, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे जमीन संबंधी विवाद की आशंका भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच में यह स्पष्ट किया जा रहा है कि घटना का कारण घरेलू विवाद था या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों तथा घटनाक्रम की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित