कोरबा , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दीपका थाना पुलिस ने ओवरलोडिंग की आड़ में कोयला चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 215 टन कोयला, तीन ट्रेलर और एक पेलोडर जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2025 की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दीपका खदान से तीन ट्रेलरों में चोरी का कोयला ओवरलोड कर बिलासपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिरकी मोड़ के पास घेराबंदी कर ट्रेलरों को रोक लिया।

जांच में सामने आया कि दो ट्रेलरों में कुल 57 टन कोयला अवैध रूप से लोड किया गया था। मौके से पेलोडर भी जब्त किया गया।

पुलिस ने मामले में कोयला लोडिंग कराने वाले, ट्रांसपोर्टर, खरीददार और चालकों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रौनक गुप्ता (27), सरफराज खान उर्फ पम्मी (43), मुकेश चौधरी (28), सुजीत सिंह (28), मुबारक खान (20) और अर्जुन बंसल (20) शामिल हैं।

इस संबंध में थाना दीपका में अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित