कोरबा , जुलाई 06 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कलेक्टोरेट परिसर के समीप स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में सोमवार को एक सुरक्षाकर्मी का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान विनोद सोनवानी (25) के रूप में हुई है, जो आरा मशीन क्षेत्र का निवासी था और रात्रि पाली में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह विनोद सोनवानी का मोबाइल फोन लगातार नहीं उठने पर उसके पिता एलआईसी कार्यालय पहुंचे। वहां कार्यालय के भीतर उन्होंने अपने पुत्र को फांसी के फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद तत्काल अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही एलआईसी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहीं सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से मिले आपत्तिजनक सामान को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मृतक ने यह आत्मघाती कदम कब, कैसे और किन परिस्थितियों में उठाया है, यह जांच का विषय है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित