कोरबा , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में एक युवक के कथित अपहरण की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला जमीन रजिस्ट्री और पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, पुरानी बस्ती क्षेत्र निवासी विजय सिंधी नामक युवक का बीती रात बालको इलाके से कुछ अज्ञात लोगों द्वारा जबरन अपहरण कर लिया गया। बताया जा रहा है कि करीब छह लोग चार पहिया वाहन में सवार होकर पहुंचे और युवक को अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही बालको पुलिस की टीम पुरानी बस्ती पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई।

सूत्रों के अनुसार अपहृत युवक पर कई लोगों से पैसों के लेनदेन में धोखाधड़ी के आरोप भी हैं। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते वह कुछ समय पहले रायगढ़ चला गया था और हाल ही में वापस कोरबा लौटा था।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घटना जमीन रजिस्ट्री और पैसों के लेनदेन से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने बताया कि संबंधित युवक से फोन पर संपर्क हुआ है और आगे की जांच कार्रवाई जारी है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित