कोरबा , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में अवैध रूप से संचालित कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ नगर निगम ने आज सख्त कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की भारी तैनाती रही, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
नगर निगम की टीम ने बुधवार को रामनगर इलाके में तनवीर कबाड़ी के ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे में बनाए गए ढांचे को बुलडोजर से हटाया। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया कराई गई।
इसी क्रम में कोरकोमा क्षेत्र में संचालित एक अन्य अवैध कबाड़ ठिकाने पर भी बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। इससे पहले राताखार क्षेत्र में भी निगम की टीम ने कार्रवाई की।
नगर निगम के डिप्टी कलेक्टर नीरज कौशिक ने बताया कि शहर में बिना अनुमति संचालित कबाड़ यार्डों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। राताखार, रामनगर और कोरकोमा क्षेत्र में पहले नोटिस जारी किए गए थे, इसके बाद यह कार्रवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित