कोरबा , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा शहर के व्यस्त क्षेत्र निहारिका घंटाघर के पास रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, निहारिका घंटाघर स्थित एक कपड़ा दुकान के सामने स्कॉर्पियो वाहन में सवार कुछ युवक पहुंचे थे, जिनमें से एक युवक शराब के नशे में धुत बताया जा रहा है। इसी दौरान किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर थाना और सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर मामले को काबू में लिया।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित