कोरबा , अगस्त 08 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर से लगे तरदा गांव में शनिवार को खेत में एक मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार किसान आज सुबह खेत में काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में मौजूद मगरमच्छ पर पड़ी। किसानों ने तत्काल इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। मगरमच्छ आकार में छोटा है, इसलिए इसे मगरमच्छ का बच्चा बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का अनुमान है कि हसदेव नदी से भटककर मगरमच्छ खेत तक पहुंचा होगा। तरदा गांव हसदेव नदी के आसपास स्थित होने के कारण क्षेत्र में अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी की आशंका भी जताई जा रही है। इसे देखते हुए वन विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मगरमच्छ मिलने की सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने बताया, "अभी फिलहाल एक ही मगरमच्छ मिला है, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर रखा हुआ था। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आगे कार्रवाई की जा रही है।"वन विभाग की टीम अब मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेने तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। नदी के आसपास के क्षेत्र में अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी की संभावना को देखते हुए भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित