कोरबा, अप्रैल 15 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोसगाई मंदिर के समीप बुधवार को भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले पास के खेत में लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग की लपटें तेजी से फैलते हुए मंदिर परिसर तक पहुंच गईं और वहां खड़ी एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार परिवार मंदिर दर्शन के लिए आया हुआ था।

इसके साथ ही मंदिर के पास लगी झालर, जिसमें चुनरी और श्रृंगार का सामान सजाया गया था, आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना में काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सूचना दिए जाने के बावजूद दमकल वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका, जिसके कारण आग लंबे समय तक धू-धू कर जलती रही।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित