कोरबा , मई 02 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत जड़गा रेंज में हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात पटेल पारा और धोबघट गांव में चार हाथियों का दल अचानक पहुंच गया और सुबह तक इलाके में डेरा डाले रखा। हाथियों ने इस दौरान तीन ग्रामीणों के मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं घरों में रखी धान की बोरियों को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद प्रभावित परिवारों में भय और चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगभग 40 हाथियों का बड़ा दल सक्रिय है, जिससे लगातार खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा मुनादी और अन्य माध्यमों से लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।
जड़गा रेंज में लगातार बढ़ती हाथियों की आवाजाही से आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग रात के समय विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित