कोरबा , जुलाई 25 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे संयंत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय फैक्ट्री में श्रमिक कार्यरत थे, हालांकि प्रशासन ने सभी के सुरक्षित होने की पुष्टि की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के बाद फैक्ट्री से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार उठने लगा, जो दूर-दूर तक दिखाई दिया। आग फैक्ट्री परिसर में खड़े एक ट्रक तक भी पहुंच गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में एहतियात के तौर पर सतर्कता बढ़ा दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी तथा अन्य संबंधित विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। कई दमकल वाहन आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि "फैक्ट्री के सभी मजदूर सुरक्षित हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन की पहली प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द काबू पाना है, ताकि बड़ा नुकसान होने से रोका जा सके।"जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के संचालक का नाम अंकुश अग्रवाल बताया जा रहा है। इसी फैक्ट्री में पूर्व में भी विस्फोट की घटना हो चुकी है, जिसमें संयंत्र को भारी क्षति पहुंची थी, हालांकि उस समय भी कर्मचारी सुरक्षित बच गए थे।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रशासन ने पूरे घटनास्थल को सील कर दिया है। आम लोगों और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रोक रखा है, ताकि दमकल और राहत दल निर्बाध रूप से अपना कार्य कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित