कोरबा , अप्रैल 02 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल में गुरुवार को दो युवकों के शव एक ही पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सुबह ग्रामीण जब जंगल की ओर गए, तब उन्होंने पेड़ पर दो युवकों को फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना तत्काल बालको थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
मृतकों की पहचान 27 वर्षीय प्रमोद कंवर और 26 वर्षीय अमित माथुर के रूप में हुई है, जो बेलाकछार गांव के निवासी थे। दोनों बुधवार दोपहर से घर से निकले थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक बालको क्षेत्र स्थित पावर प्लांट में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत थे और पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहे थे।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित