गौरेला-पेंड्रा-मरवाही , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा नगर में बुधवार को कोयले से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार पिता और उसके मासूम पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रेलर चालक को ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पेंड्रा के कुडकई गांव निवासी एक परिवार स्कूटी से गांव से पेंड्रा की ओर आ रहा था। जब वे मुख्य मार्ग स्थित राय पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक बड़े वाहन से आगे निकलने के लिए कोयले से भरे ट्रेलर चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद पिता और उनके मासूम पुत्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलने पर पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रेलर को जब्त कर लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित