जांजगीर-चांपा , मई 29 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने के मामले का खुलासा करते हुए चांपा पुलिस ने तीन ट्रक चालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला तथा तीन ट्रेलर जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई कार्रवाई के तहत प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीआईएल), चांपा के लिए भेजे जा रहे कोयले में मिलावट की शिकायत मिलने पर जांच शुरू की गई। पीआईएल के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, सूरजपुर जिले के भास्करपारा कोल माइंस से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में कोयला पीआईएल चांपा भेजा गया था। ट्रक चालक शेख सरफरोज (35), अजमत अंसारी (32) और रामचंद्र (30) , 25 मई को कोयला लेकर रवाना हुए और 27 मई को संयंत्र पहुंचे। कोयला खाली करने के दौरान उसकी गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद जांच में मिलावट की पुष्टि हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में वाहनों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतारकर उसकी जगह निम्न गुणवत्ता का कोयला भर दिया था और उसे संयंत्र तक पहुंचाया था।
मामले में थाना चांपा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने गणेश कोल डिपो, अमझर से बदला गया कोयला बरामद कर तीन ट्रेलरों सहित कुल 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित