बिलासपुर , अप्रैल 14 -- त्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी स्थित आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का हॉस्टल एक बार फिर लापरवाही और बदइंतजामी को लेकर सुर्खियों में है। यहां आज अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे हॉस्टल में रहने वाले छात्रों में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी। ऐसे में छात्रों ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए कपड़ों से आग को बुझाने की कोशिश की जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद संस्थान की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में लगातार अव्यवस्था और लापरवाही देखने को मिल रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

गौरतलब है कि यह वही शासकीय आईटीआई है, जहां कुछ दिन पहले शिक्षक छात्रों को छुट्टी देकर खुद न्यू ईयर पार्टी मनाते और डांस करते नजर आए थे। उस समय भी संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित