गोरखपुर , अगस्त 01 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि चौकी प्रभारी नगर निगम दीपशिखा को कर्तव्यों के प्रति घोर उदासीनता, लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि निरीक्षक पंकज कुमार सिंह को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, निरीक्षक छत्रपाल सिंह को कोतवाली से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को अनुशासनात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति और अधिक सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित