कोण्डागांव , जुलाई 05 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रक्षित केन्द्र में निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे दिशा एकेडमी के 110 अभ्यर्थियों को रविवार को ट्रैक सूट एवं स्पोर्ट्स शूज वितरित किए गए।
विधायक लता उसेंडी ने आयोजित कार्यक्रम में अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट एवं स्पोर्ट्स शूज वितरित किए। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष नरपति पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज जैन, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, जिला खेल अधिकारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
लता उसेंडी ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन मिलने पर वे पुलिस, सेना तथा अन्य सुरक्षा बलों में चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि कोण्डागांव पुलिस आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण के साथ आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है, ताकि अधिक से अधिक युवा पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं में अपना भविष्य बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान सभी 110 अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट एवं स्पोर्ट्स शूज प्रदान किए गए। अभ्यर्थियों ने इस सहयोग के लिए विधायक, जिला प्रशासन एवं कोण्डागांव पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भर्ती परीक्षाओं में सफलता के लिए पूरी लगन से तैयारी करने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित