कोडरमा , जुलाई 23 -- झारखंड के कोडरमा जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए डोमचांच और नवालशाही थाना क्षेत्र स्थित कई विस्फोटक मैगजीनों में छापेमारी की।
यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में वर्ष 2024 में हुए विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है, जिसके तार कोडरमा से जुड़े मिलने की बात सामने आई है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोलकाता से पहुंची एनआईए की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभिन्न विस्फोटक भंडारण स्थलों की गहन जांच कर रही है। टीम दस्तावेजों की पड़ताल के साथ-साथ विस्फोटकों की आपूर्ति से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। फिलहाल छापेमारी जारी है और एनआईए की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जांच के दौरान एनआईए ने मैगजीन संचालक लोकाई निवासी शंकर यादव और डोमचांच के नावाडीह निवासी महेश कुमार मेहता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मैगजीन के गार्ड और शंकर यादव की पत्नी ने भी पुष्टि की कि एनआईए की टीम दोनों को अपने साथ ले गई है तथा मैगजीन और आवास की तलाशी ली जा रही है।
इस मामले में कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने अनौपचारिक रूप से बताया कि शंकर यादव के घर से लगभग 16 लाख रुपये नकद तथा विभिन्न जमीनों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
एसपी के अनुसार, अगस्त 2024 में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में एक मोटरसाइकिल में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हुई थी। बाद में इस मामले की जांच एनआईए को सौंपी गई। जांच के दौरान विस्फोटकों की आपूर्ति का लिंक कोडरमा से जुड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोटक जय दुर्गा एंटरप्राइजेज एक्सप्लोसिव मैगजीन से आपूर्ति किए गए थे, जिसका संचालन शंकर यादव और महेश कुमार मेहता करते हैं। एनआईए की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित