कोडरमा , मार्च 26 -- झारखंड के कोडरमा जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों ने देर रात एक महिला और एक पुरुष को कुचलकर मार डाला, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे मरियमपुर के पास हाथी देखा गया, जहां उसने पहले एक महिला को अपना शिकार बनाया। इसके बाद लोगों द्वारा हाथी को भगाने की कोशिश की गई, लेकिन इसी दौरान बोनाकाली महिला कॉलेज के पास हाथी ने 40 वर्षीय बालेश्वर सोरेन (पिता- छोटका सोरेन) को भी कुचलकर मार डाला।

घटना के बाद कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के बोनाकाली और मरियमपुर में लोगों के बीच दहशत फैल गई है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी को दूर खदेड़ने में सफल नहीं हो सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब भी एक हाथी मरियमपुर से सटे जंगलों में छिपा हुआ है, जबकि हाथियों का एक झुंड बागीटांड और कोडरमा घाटी के जंगलों में भी देखा गया है। लोगों ने वन विभाग पर पर्याप्त संसाधनों की कमी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टीम केवल टॉर्च के सहारे हाथियों को भगाने का प्रयास कर रही थी, जो नाकाफी साबित हुआ।

फिलहाल इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित