कोडरमा , मई 21 -- झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में एक कर्मी को हजारीबाग एसीबी की टीम ने 5 हजार रुपए की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार कर्मी का नाम सुनील कुमार है, जो झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में बतौर लाइनमैन कार्यरत है। मामले की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता डोमचांच के सपही निवासी राजू यादव ने बताया कि डोमचांच प्रखंड अंतर्गत नीरू पहाड़ी के समीप उनका एक ऐश ब्रिक्स का प्लांट था, जिसको लेकर उन्होंने कुछ वर्षों पहले एक कमर्शियल बिजली का कनेक्शन लिया था।
गत वर्ष अपना प्लांट बंद कर दिया और बिजली कनेक्शन कटवाने और सिक्योरिटी मनी वापस लेने हेतु झुमरीतिलैया स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे। जहां उन्हें सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए कई बार चक्कर लगाने पड़े। इस दौरान उनकी मुलाकात कार्यालय में कार्यरत लाइनमैन सुनील से हुई। उन्होंने सुनील से सारी बातें बताई। सुनील के द्वारा कनेक्शन रद्द करने तथा सिक्योरिटी मनी वापस करने के एवज में उनसे 15 हजार रुपए की मांग की गई।
लेकिन, राजू इस काम के पैसे नहीं देना चाहता था। इसलिए उन्होंने इसकी लिखित शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग से की। छानबीन और मामले की पुष्टि के एसीबी की टीम गुरुवार को झुमरीतिलैया स्थित बिजली कार्यालय के पास पहुंची और सुनील को 5 हजार रुपए घुस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके पश्चात एसीबी की टीम सुनील को अपने साथ हजारीबाग ले गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित