रांची , सितंबर 14 -- झारखंड के कोडरमा जिले की कोडरमा घाटी में कल देर रात भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौत हो गई।

हादसा मेघातरी कालीमंडा के समीप करीब रात दो बजे हुआ, जहां दो ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

कोडरमा घाटी में इससे पहले भी तेज रफ्तार और भारी वाहनों की टक्कर के कारण कई सड़क हादसे हो चुके हैं। खासकर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही के बीच दुर्घटना का खतरा अधिक बना रहता है। ताजा हादसे ने एक बार फिर कोडरमा घाटी में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित