रायगढ़ , मार्च 09 -- छत्तीसगढ में रायगढ़ जिले के कोडतराई में प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण और उसके विस्तार को लेकर आसपास के गांवों में चिंता का माहौल बनने लगा है। विशेष रूप से ग्राम औरदा के ग्रामीण नापजोख की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अपने भविष्य को लेकर दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एयरपोर्ट निर्माण के कारण उनके मकान और कृषि भूमि के साथ-साथ गांव में मौजूद स्कूल, अस्पताल और तालाब जैसी आवश्यक सुविधाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
इसी संबंध में ग्राम औरदा के ग्रामीणों ने कलेक्टर रायगढ़ के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र सरकार के विमानन मंत्रालय द्वारा ग्राम कोडतराई को एयरपोर्ट निर्माण के लिए चयनित किया गया है। इसके विस्तार के लिए आसपास की भूमि की आवश्यकता पड़ रही है, जिससे ग्राम औरदा के वार्ड क्रमांक 13 के लगभग 150 मकान प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से अपने परिवार के साथ गांव में निवास कर रहे हैं और मकान, बाड़ी व कृषि भूमि पर निर्भर होकर जीवनयापन करते हैं।
प्रस्तावित परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए नापजोख शुरू होने से ग्रामीणों में असमंजस की स्थिति बन गई है। उन्होंने मांग की है कि यदि मकान, बाड़ी, खेत, तालाब, स्कूल और अस्पताल का अधिग्रहण किया जाता है तो शासन के नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही वर्तमान मकान की लागत के आधार पर चार गुना तक मुआवजा और परिवारों की संख्या के अनुसार पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित