नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजस्थान के कोटा जिले के शंभुपुरा में निर्माणाधीन नये हवाई अड्डे की प्रगति की गुरुवार को यहां एक उच्चस्तरीय बैठक में समीक्षा की और अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।

बैठक में बताया गया कि कोटा हवाई अड्डे का निर्माण कार्य अगले वर्ष अक्टूबर तक पूरा होने की संभावना है तथा वहां से दिसंबर तक नियमित हवाई सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, श्री बिरला ने संसद भवन परिसर में हवाई अड्डा निर्माण परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अध्यक्ष, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों तथा राज्य प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में हवाई अड्डा निर्माण की वर्तमान प्रगति, पर्यावरण एवं तकनीकी स्वीकृतियों तथा परियोजना के विभिन्न चरणों की विस्तृत समीक्षा की गयी।

बैठक में बताया गया कि कोटा ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का निर्माण कार्य गत वर्ष मई में शुरू हो चुका है। परियोजना का डिजाइन विकास (डिजाइन डेवलपमेंट) चरण लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है तथा निर्माण कार्य के तहत नींव (फाउंडेशन) का काम भी शुरू हो गया है।

श्री बिरला ने अधिकारियों से कहा कि हवाई अड्डा निर्माण का प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की प्रशासनिक, तकनीकी अथवा अन्य स्वीकृतियों से संबंधित कोई बाधा आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाये, ताकि परियोजना की गति प्रभावित न हो।

उन्होंने एएआई के अधिकारियों को प्रत्येक तीन महीने में परियोजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि कोटा लोकसभा अध्यक्ष श्री बिरला का संसदीय क्षेत्र है। वहां शंभुपुरा में लगभग 1,507 करोड़ रुपये की लागत से ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद कोटा-बूंदी सहित हाड़ौती क्षेत्र को हवाई संपर्क की महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित