कोटा , अगस्त 11 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मंगलवार को कोटा के सोगरिया रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम- मदुरई तीर्थ यात्रा के लिए चलायी गयी स्पेशल रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्री दिलावर ने निर्धारित समय सायं पांच बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया। इस मौके विधायक संदीप शर्मा भी मौजूद थे। लगभग 1250 तीर्थ यात्रियों को लेकर रामेश्वरम के लिए रवाना हुई इस विशेष रेलगाड़ी के सभी कोच वातानुकूलित हैं तथा यात्रा का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। विशेष रेलगाड़ी में 350 यात्री बारां रेलवे स्टेशन से बैठे।
उल्लेखनीय है कि देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना -2026 के तहत इस विशेष रेलगाड़ी से कोटा के तीर्थ यात्रियों को तीर्थ यात्रा पर भेजा गया है। यात्रा के दौरान रहने,खाने, ठहरने आदि के समस्त प्रकार के खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किये जाएंगे।
देवस्थान विभाग के उपायुक्त के के खंडेलवाल ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक राजस्थान से 50 हजार से अधिक यात्री रेल मार्ग द्वारा विभिन्न धार्मिक स्थलों की तीर्थ यात्रा कर चुके हैं और लगभग छह हजार से अधिक तीर्थ यात्री काठमांडू नेपाल और श्रीलंका की तीर्थ यात्रा पर जा चुके हैं। इस अवसर पर श्री दिलावर ने यात्रा के लिए ट्रेन से जाने वाले तीर्थ यात्रियों से कोच में मुलाकात कर उनका स्वागत अभिनंदन किया एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने तीर्थ यात्रियों से यात्रा को लेकर संवाद भी किया। यात्रा को लेकर सभी यात्री बेहद हर्षित और प्रसन्न नजर आये। सभी ने इस यात्रा योजना के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित