रायपुर , मार्च 22 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने मुंगेली जिले में कोटा-लोरमी-पंडरिया राज्य मार्ग के उन्नयन के लिए 84 करोड़ 89 लाख 35 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है, जिसकी जानकारी आज विभाग ने दी ।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, केंद्रीय सड़क निधि (सीआरआईएफ) योजना के तहत इस राशि से मार्ग पर पुल-पुलियों का निर्माण किया जाएगा तथा 11 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण और उन्नयन किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से इस संबंध में प्रमुख अभियंता को स्वीकृति पत्र जारी कर दिया गया है।

लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि कार्य में उपयोग होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कमी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्धारित समय-सीमा में निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने, कार्य प्राक्कलन में मितव्ययिता बरतने तथा निर्माण कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित