कोटा , सितम्बर 08 -- राजस्थान में काेटा के नयापुरा स्थित पुराने चिड़ियाघर में मादा तेंदुआ के मंगलवार को अचानक पिंजरे की खिड़की की जाली तोड़कर बाहर निकलने से हड़कम्प मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मादा तेंदुआ को रविवार को पकड़कर पुराने चिड़िया घर लाया। जहां उसे पिंजरे में रखा गया था। आज सुबह उसने पिंजरे की खिड़की की जाली तोड़ दी और मौका पाकर बाहर निकल गई। चिड़ियाघर से निकलने के बाद वह पास स्थित सीवी गार्डन में जा पहुंची।

सूचना मिलते ही वन विभाग का दल उसकी तलाश में निकल पड़ा। इसी दौरान उसके करीब 50 फुट ऊंचे पेड़ पर होने का पता चला।

सुबह करीब सात बजे उसे पकड़ने का अभियान शुरु किया गया जाे पौने दस तक चला। उसे क्रेन की मदद से पेड़ तक पहुंचकर बेहोश किया गया इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।

उधर, तेंदुए के पिंजरे से बाहर निकलने की घटना को वन विभाग ने गंभीरता से लिया है। मामले की जांच के लिए उप वन संरक्षक उड़नदस्ता को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित