जयपुर , जून 05 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के संविदाकर्मी कपिलराज को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि प्राधिकरण के कर्मचारी जुगल किशोर को हिरासत में लिया गया है।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी कोटा को परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गयी कि श्रीनाथपुरम, कोटा स्थित उसके पैतृक आवास का उसके नाम नामान्तरण दर्ज कराने के लिए केडीए के कर्मचारियों द्वारा लगातार आपत्तियां लगाकर उसे परेशान किया जा रहा है। परिवादी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके वैध कार्य को करने की एवज में केडीए कर्मचारी जुगल किशोर एवं संविदाकर्मी कपिलराज द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
इस पर शिकायत के सत्यापन के दौरान गत एक और दो जून को रिश्वत की मांग किये जाने की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार को आरोपी कपिलराज को केडीए कैंटीन में परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी जुगल किशोर को उसके कार्यालय से हिरासत में लेकर अग्रिम पूछताछ की जा रही है।
एसीबी कि महानिरीक्षक एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपियों के निवास एवं अन्य संभावित ठिकानों की तलाशी की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित