कोटा , जून 30 -- राजस्थान में कोटा में मंगलवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर में एक साथ 129 पट्टे वितरित किये गये।
कोटा विकास प्राधिकरण की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने सांकेतिक रूप से 26 लाभार्थियों को मंच पर पट्टे सौंपे। लाभार्थियों ने शहरी सेवा शिविर आयोजन के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को बिजली, पानी, सड़क, आवास एवं चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्राथमिकता से कार्य कर रही हैं। योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों में एक ही छत के नीचे शहरवासियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। शिविर में पट्टों के लिए आवेदन करने वालों को कुछ ही दिनों में प्रक्रिया पूरी कर पट्टे उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि 15 जुलाई तक आयोजित होने वाले इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में आकर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने पट्टा प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि इन शिविरों के दौरान राज्य सरकार द्वारा पट्टा बनवाने में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। पट्टों के लिए आवेदन करने वालों की समस्त प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा कर दस्तावेजों के आधार पर पट्टे जारी किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केडीए के शहरी सेवा शिविर में पट्टे, निर्माण, भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित कार्य किये जा रहे हैं। साथ ही, सड़क, नाली आदि से संबंधित शिकायतें भी सुनी जा रही हैं। आमजन के परिवाद ऑनलाइन दर्ज करके उन पर कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित