कोटा , अक्टूबर 13 -- राजस्थान में कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक पुलिस कांस्टेबल को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और आपूर्ति के मामले में गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी राम लक्ष्मण गुर्जर ने मंगलवार को बताया कि झालावाड़ के घाटोली थाने में पदस्थ कांस्टेबल मनोज मानव के संबंध में झालावाड़ के जिला विशेष दल (डीएसटी) ने सूचना दी कि मनोज कोटा में मादक पदार्थ की आपूर्ति करने आया है। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनोज को पकड़ लिया। थाने में तलाशी में उसके पास 14 लाख रुपए बरामद हुए।

श्री गुर्जर ने बताया कि इस मामले में मनोज मालव एवं अन्य के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच महावीर नगर थानाधिकारी हरेंद्र सिंह सौदा को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि झालावाड़ पुलिस को लंबे समय से कांस्टेबल मनोज मालव के अवैध गतिविधियों में लिप्त होने का संदेह था। उस पर निगरानी बढ़ा दी थी। उसके संबंध में पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने निगरानी के निर्देश दिए थे। उसकी लगातार निगरानी की जा रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित