कोटा , फरवरी 12 -- राजस्थान के कोटा में 21 फरवरी से शुरू हो रहे कोटा महोत्सव के लोगो का विमोचन गुरुवार को जिला कलक्टर पीयूष समारिया एवं महोत्सव से जुड़े विभिन्न एसोसिएशन एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
इस अवसर पर कोटा महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं महोत्सव के आमंत्रण पत्र का भी विमोचन किया गया।
श्री समारिया ने सभी से कोटा महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग आग्रह किया। उन्होंने बताया कि कोटा महोत्सव की शुरुआत 21 फरवरी को सुबह आठ बजे गोदावरी धाम पर श्री गणेश वंदना से होगी, जिसमें गणेश आरती महाश्रृंगार और भजन गायन किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि 21 एवं 22 फरवरी को राजपूताना घाट चम्बल रिवर फ्रंट (पश्चिमी घाट) पर दो दिवसीय दीदी रो हाट प्रदर्शनी के तहत विभिन्न उत्पादों की स्टॉल लगाई जाएंगी। शौर्य घाट चम्बल पर पूर्वाह्न 11 से सायं सात बजे तक दो दिवसीय स्वदेशी कोटा के तहत आर्गेनिक खेती एवं बाजरा उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित