बैतूल , अक्टूबर 20 -- राजस्थान के कोटा में हुई सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत के बाद गंभीर रूप से घायल 14 अन्य सदस्यों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। सोमवार से उनका उपचार शुरू हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उन्हें भोपाल स्थानांतरित कराने के लिए पहल की। इसके बाद प्रशासनिक समन्वय से विशेष एंबुलेंस के जरिए घायलों को कोटा से भोपाल लाया गया।
बैतूल कलेक्टर सौरभ सोनवणे ने जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा को भोपाल एम्स भेजा, ताकि घायलों की भर्ती और उपचार की व्यवस्था में समन्वय बना रहे।
एम्स में भर्ती घायलों में कमलेश झरबड़े, कंचना झरबड़े, वेदांत झरबड़े, चित्रांश बोड़खे, वंशिका गांवड़े, अजय गांवड़े, हेमलता गायकवाड़, संतोष गायकवाड़, चेतन देशमुख, वर्षा बोड़खे, नीलू घोड़की, मोहनीश झरबड़े, सारांश झरबड़े और आकांक्षी झरबड़े शामिल हैं। घायल परिवार के सदस्य योगेश झरबड़े ने घायलों को भोपाल एम्स में भर्ती कराकर उपचार शुरू कराने में मदद के लिए हेमंत खंडेलवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित