कोटा, अगस्त 17 -- राजस्थान के कोटा शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत अब इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मंगलवार को जयपुर से वर्चुअली बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रथम चरण में कुल 10 बसों से सेवा का शुभारंभ होगा।
निगम आयुक्त एवं कोटा बस सर्विस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा ने सोमवार को बताया कि योजना के तहत शहर में 100 पीएम ई-बसें संचालित की जानी हैं। इनमें पांच बसें 12 मीटर लंबी ब्लू कलर की और 95 बसें नौ मीटर लंबी पिंक कलर की हैं। इनमें से अब तक 41 बसें कोटा बस सर्विस लिमिटेड को प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें से 10 बसों के साथ बस सेवा शुरू होगी।
इन बसों के संचालन के लिए शहर में 20 रूट निर्धारित किए गए हैं, जिनके जरिए रेलवे स्टेशन, नया बस स्टैंड, एरोड्रम, नयापुरा, कोटा विश्वविद्यालय, सोगरिया, बोरखेड़ा, रायपुरा, झालिपुरा, दादाबाड़ी सहित शहर के प्रमुख इलाकों को जोड़ा जाएगा। नई ई-बसों के सड़क पर उतरने से शहर के प्रमुख बाजारों, शिक्षण संस्थानों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाहरी क्षेत्रों के बीच सार्वजनिक परिवहन की सुविधा और मजबूत होने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित