अलवर , अगस्त 21 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के गोपालपुरा स्थित जिला कारागृह में गुरुवार को कैदियों की भूख हड़ताल के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ कैदियों ने कथित तौर पर रेजर से अपने हाथों पर वार करके खुद को घायल कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन के साथ पुलिस और जिला प्रशासन में भी अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब छह कैदी घायल हुए हैं। इनमें दो कैदियों की चोट अधिक होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। चार कैदियों की हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद जेल में चिकित्सकों का दल पहुंचा और घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।
सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कैदी गुरुवार शाम से अपनी मांगों को लेकर जेल में धरना देकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। जेल प्रशासन के अनुसार बंदियों की मुख्य मांग थी कि भोजन में सब्जी के साथ प्याज और मिर्च भी उपलब्ध कराई जाए। मांगों पर तत्काल सुनवाई नहीं होने से विरोध बढ़ता गया और कुछ कैदियों ने कथित तौर पर रेजर से अपने हाथों को घायल कर लिया।
जेल अधीक्षक मानाराम गर्ग ने बताया कि करीब छह बंदी घायल हैं, जिनमें दो को अधिक चोट होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि चार की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि घटना में रेजर का इस्तेमाल किया गया। जेल अधीक्षक के अनुसार बंदियों में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है, हालांकि आपसी मनमुटाव की स्थिति रहती है।
घटना के दौरान जेल में मौजूद बंदियों की स्थिति को लेकर भी प्रशासन ने जानकारी जुटाई। जेल अधीक्षक के मुताबिक जिस समय यह घटना हुई, उस समय करीब 40 प्रतिशत बंदी खाना खा चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही चिकित्सकों को जेल बुलाया गया और घायलों का उपचार शुरू कराया गया। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर हालात की जानकारी ली।
श्री गर्ग ने बताया कि फिलहाल जेल के हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और सभी कैदियों ने खाना खा लिया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की गतिविधियों को लेकर भी अधिकारियों की नजर बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित