पौड़ी गढ़वाल 25मार्च (वार्ता) उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में 27 से 29 मार्च तक हिमालयन उद्योग एवं व्यापार प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जाएगा।
महाराजा गार्डन, तीलू रौतेली चौक के पास आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार द्वारा किया जा रहा है। महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग ने बुधवार को बताया कि प्रदर्शनी में आयुर्वेद, ऑर्गेनिक, खाद्य प्रसंस्करण, वेलनेस, कृषि एवं बागवानी, ड्रोन/यूएवी, हस्तशिल्प, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), फार्मा और पैकेजिंग सहित कई क्षेत्रों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रमुख प्रतिभागियों में रैंप एवं स्टार्टअप (जिला उद्योग केंद्र), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद, नारियल विकास बोर्ड, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तराखंड वन संसाधन प्रबंधन परियोजना, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और तमिलनाडु उद्यानिकी विभाग शामिल हैं।
तीन दिन चलने वाले इस आयोजन में मेगा प्रदर्शनी, निर्यात कार्यशाला, सम्मेलन, सेमिनार, उत्कृष्टता पुरस्कार, खरीदार-विक्रेता बैठक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित होंगे। तीनों दिन विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सेमिनार होंगे, जो व्यापार और स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं तथा आमजन के लिए उपयोगी होंगे।
महाप्रबंधक ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि एक्सपो का लाभ व्यापक रूप से उठाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित