चंडीगढ़ , अप्रैल 22 -- पंजाब में पारंपरिक सिख युद्धकला गतका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12वीं राज्य स्तरीय बालिका गतका चैंपियनशिप 2026 का आयोजन एक से तीन मई तक कोटकपूरा (जिला फरीदकोट) स्थित बाबा फरीद गुरुकुल कॉलेज में किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता का आयोजन पंजाब गतका एसोसिएशन द्वारा जिला फरीदकोट गतका एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है।
राष्ट्रीय गतका एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने बताया कि तीन दिवसीय इस चैंपियनशिप में राज्यभर से युवा बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगा, बल्कि अनुशासन, परंपरा और खेल भावना को भी मजबूत करेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि सभी जिलों की टीमें एक मई को प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचेंगी, जबकि मुकाबले दो मई को सुबह नौ बजे से शुरू होंगे। प्रतियोगिता का समापन तीन मई को एक भव्य समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
पंजाब गतका एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सरबजीत सिंह के अनुसार, प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19, अंडर-22 और अंडर-25 आयु वर्ग की टीमें भाग लेंगी, जिससे विभिन्न आयु वर्ग की खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा।
जिला फरीदकोट गतका एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनजीत सिंह डिल्लों और चैंपियनशिप के संयोजक नरेंद्रपाल सिंह पारस ने सभी टीमों से 26 अप्रैल शाम चार बजे तक अपनी प्रविष्टियां जमा कराने की अपील की है, ताकि आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
कोच हरसिमरन सिंह और शेरी सिंह ने बताया कि विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी जिला गतका एसोसिएशनों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित