नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- भारतीय नौसेना आगामी 20 से 23 जुलाई तक कोच्चि में नौसेना की दक्षिणी कमान में 'ऑपरेशन सदर्न रेडिनेस ' आयोजित करेगी जिसमें 40 देशों के नौसैनिक बहुआयामी अभ्यास में हिस्सा लेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि चार दिन तक चलने वाला यह बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय नौसेना के नेतृत्व वाले 'कंबाइंड मैरीटाइम फोर्सेज' के विशेष प्रशिक्षण कार्यबल के साथ मिलकर आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में संयुक्त समुद्री बल के भागीदार देशों के जवान पेशेवर समुद्री सुरक्षा प्रशिक्षण , व्यावहारिक अनुभव और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान के लिए एक मंच पर आयेंगे। चालीस से ज़्यादा देशों की एक बहुराष्ट्रीय समुद्री साझेदारी के साथ जुड़कर, भारतीय नौसेना क्षेत्रीय क्षमता निर्माण और सामूहिक समुद्री सुरक्षा में योगदान देती रही है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कक्षा निर्देश , सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव शामिल होंगे। सत्र में समुद्री कानून, समुद्री जागरूकता , और सूचना साझाकरण और नारकोटिक्स रोधी विषय शामिल होंगे।

'ऑपरेशन सदर्न रेडिनेस ' में भारतीय नौसेना के आधुनिक प्रशिक्षण ढांचे, अत्याधुनिक सिम्युलेटर, उन्नत पेशेवर तरीकों और विशेषज्ञता की झलक दिखायी देगी। इसका मकसद हिस्सा लेने वाले देशों के बीच अंतरसंचालन, पेशेवर समझ और सहयोग को बढ़ाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित