ओहियो , अगस्त 24 -- अमेरिका की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ ने सिनसिनाटी ओपन के खिताबी मुकाबले में अपनी ही देश की जेसिका पेगुला को 6-2, 6-4 से हराकर एक रोमांचक सप्ताह का शानदार समापन किया। 56 सालों में पहली बार हुए ऑल-यूएसए फाइनल में रविवार को गॉफ टेनिस के 'ओपन एरा' में सेरेना विलियम्स और विक्टोरिया अज़ारेन्का के बाद सिनसिनाटी का खिताब एक से ज़्यादा बार जीतने वाली तीसरी महिला खिलाड़ी बन गईं।
चौथी सीड खिलाड़ी ने कोर्ट पर उतरने के 30 मिनट के भीतर ही 5-0 की बढ़त बना ली और पहला सेट 6-2 से अपने नाम किया। दूसरे सेट के आठवें गेम में मैच के लिए सर्व करने में नाकाम रहने के बाद, उन्होंने पेगुला की सर्विस तोड़ी (ब्रेक किया) और सिर्फ़ 74 मिनट में मैच जीत लिया।
मैच के बाद गॉफ ने पत्रकारों से कहा, "मुझे लगता है कि यह एक लंबा सफर था, लेकिन मैं खुश हूं। पिछले साल मैं जैसी खिलाड़ी थी और अब जैसी हूं, उसमें ज़मीन-आसमान का फर्क है। मुझे नहीं लगता कि यह इस बात का संकेत है कि मैं न्यूयॉर्क (यूएस ओपन) में अच्छा प्रदर्शन करूंगी। बस इस सप्ताह मैंने जो अच्छे मैच खेले, उम्मीद है कि मैं उस अनुभव का इस्तेमाल कर पाऊंगी।"गॉफ ने कहा, "पिछले साल मैं अपने खेल से परेशान थी और मुझे लग रहा था कि मेरा खेल गिर रहा है। कोई भी खिलाड़ी ऐसा महसूस नहीं करना चाहता।" गॉफ ने अब अपने करियर का चौथा डब्ल्यूटीए 1000 खिताब जीत लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित