हरिद्वार , जून 19 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शून्य से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ सभी संबंधित विभागों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि प्रत्येक अभिभावक तक अभियान की जानकारी पहुंच सके और अधिक से अधिक बच्चों को बूथों तक लाकर पोलियो की खुराक पिलाई जा सके।
बैठक में बताया गया कि जिले में करीब तीन लाख 36 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत 28 जून को जनपद के सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि 29 जून से चार जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी।
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को छात्र-छात्राओं के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने तथा अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मदरसों में अभियान की जानकारी प्रसारित करने को कहा। श्रम एवं खनन विभाग को फैक्ट्रियों और खनन क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के बच्चों तक पोलियो अभियान की जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य संबंधित कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित