शहीद भगत सिंह नगर , मई 12 -- लोकसभा सदस्य मलविंदर सिंह कंग ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी बिना देरी या भेदभाव के योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।
जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित तिमाही समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद ने जिले में लागू विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार सर्वांगीण विकास और जमीनी स्तर पर जनसेवाओं की मजबूत डिलीवरी के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में उनके साथ जिला उपायुक्त गुलप्रीत सिंह औलख भी मौजूद रहे। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी योजनाओं की नियमित निगरानी की जाये और उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाये रखी जाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी सक्रिय भूमिका निभायें, ताकि जरूरतमंद और योग्य लाभार्थी किसी भी सुविधा से वंचित न रहें।
सांसद ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि समय पर कार्य पूरा होने से जनता को सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिलेगा।
श्री कंग ने विभागों के बीच बेहतर तालमेल और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि स्वीकृत निधियों के उपयोग प्रमाण पत्र जल्द जमा किये जायें, ताकि आगे के विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि जारी की जा सके। सांसद ने कहा कि जिले में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए जिला प्रशासन के साथ नियमित रूप से तिमाही समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित