दरभंगा , जून 28 -- बिहार में दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कुशेश्वरस्थान में नवजात शिशु को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर पाँच दिवसीय विशेष पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं उनकी धर्मपत्नी ने नवजात बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई तथा अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम का उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह विशेष पल्स पोलियो अभियान 28 जून से 02 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के दौरान जिले का एक भी पात्र बच्चा पोलियोरोधी खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए घर-घर जाकर बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए और अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जो बच्चों में स्थायी दिव्यांगता का कारण बन सकती है। इससे बचाव के लिए समय पर पोलियो की दो बूंद दवा पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और अपने पाँच वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं। सरकार का उद्देश्य जिले के प्रत्येक बच्चे तक बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाना है, जो समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में लगभग 07 लाख 54 हजार बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए कुल 2028 टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
अभियान स्थल के निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज ने कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संबंध में जिलाधिकारी को जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि क्षेत्र में संचालित सभी अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों की तत्काल जांच कराई जाए। बिना वैध अनुमति संचालित पाए जाने वाले केंद्रों को सील करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक रवि कुमार, जिला लेखा प्रबंधक बसंत कुमार झा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित