हैदराबाद , सितंबर 27 -- तेलंगाना आंदोलन के महान नेता कोंडा लक्ष्मण बापूजी की 111वीं जयंती रविवार को रवींद्र भारती में धूमधाम से मनाई गई। तेलंगाना सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता कोंडा लक्ष्मण बापूजी जयंती समारोह समिति और तेलंगाना पद्मशाली सहकारी निगम के अध्यक्ष गुंडूरू श्रीनिवास ने की।

इस अवसर पर राज्य के मंत्री पोन्नम प्रभाकर और विवेक वेंकटस्वामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सरकार के सलाहकार वी. हनुमंत राव, राज्यसभा सांसद अनिल कुमार यादव और कई अन्य जन प्रतिनिधि व नेता भी उपस्थित रहे।

बापूजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने उन्हें एक दूरदर्शी नेता बताया, जिन्होंने अपना पूरा जीवन तेलंगाना राज्य आंदोलन के लिए समर्पित कर दिया और जनता की आकांक्षाओं को राजनीतिक पदों से ऊपर रखा। उन्होंने कहा कि बापूजी के त्याग, समाज सेवा और बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक असमानताओं व शोषक प्रथाओं के खिलाफ उनके संघर्ष का तेलंगाना के इतिहास में एक विशेष स्थान है।

श्री प्रभाकर ने कहा कि बापूजी के आदर्शों और जुझारू भावना ने तेलंगाना आंदोलन के दौरान नेताओं को प्रेरित किया। उन्होंने हथकरघा श्रमिकों और बुनकरों के विकास व कल्याण के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कमजोर वर्गों से एकजुट रहने की अपील की और कहा कि बदलते समय के अनुसार पारंपरिक व्यवसायों को भी विकसित होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पद्मशाली समुदाय को अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की वकालत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित