कोण्डागांव , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की जिला परिषद ने गुरुवार को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान विद्यार्थियों पर कथित पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की।

सीपीआई की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों और उनके समर्थकों पर संसद मार्च के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया, जिससे कई लोग घायल हुए। पार्टी ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया और मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। इसके साथ ही पार्टी ने शिक्षा मंत्री के नाम से तैयार एक प्रतीकात्मक इस्तीफा प्रारूप भी संलग्न किया और प्रधानमंत्री से उसे स्वीकार करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित